अखाड़ों में भी तैयारी और तकरीर का दौर जारी
रमेश गुप्ता
भिलाई।
मुहर्रम माह की शुरुआत 26 जून की शाम से हो गई है। इसके साथ ही शहर में पूरे 10 दिन 6 जुलाई तक कर्बला के शहीदों की याद में मुर्हरम के कई आयोजन हो रहे हैं। इनमें तकरीर, सम्मान समारोह, रक्तदान शिविर और पौधारोपण शामिल है।
शहर के अलग-अलग स्थानों पर ताजिए तैयार हो रहे हैं। हर साल की तरह इस साल भी 40 से ज्यादा ताजिए यौमे आशूरा के मौके पर निकलेंगे।
इन ताजियों को अंतिम रूप देने का काम कारीगर कर रहे हैं। दूसरी तरफ 26 जून की शाम मुहर्रम का चांद दिखने के साथ ही सभी इमाम बाड़ों में फातिहा हुई और इसके साथ ही अखाड़ों में अभ्यास का दौर शुरू हो गया। अखाड़ों के करतब दिखाने नौजवान अपने-अपने उस्तादों की निगरानी में अभ्यास कर रहे हैं। मुहर्रम पर जगह-जगह तकरीर भी हो रही है।
खुर्सीपार में तकरीर, पौधारोपण और सम्मान समारोह
अंजुमन हुसैनिया कमेटी की ओर से सड़क- 20, जोन-1, खुर्सीपार में तमाम आयोजन अल्लामा मौलाना सैय्यद आलमगीर अशरफ अशरफी उल जिलानी की सरपरस्ती में हो रहे हैं। जिसमें एक मुहर्रम से 9 मुहर्रम तक रोजाना सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक कुरआन ख्वानी होगी। वहीं रोजाना रात में ईशा की नमाज के बाद जामा मस्जिद दुर्ग के इमाम मोहम्मद सलीम रजा की तकरीर शुरू हो गई है। इसके साथ ही 5 मुहर्रम एक जुलाई मंगलवार को प्रतिभावान बेटियों का इस्तकबाल किया जाएगा। इस दिन बाद नमाज जोहर दोपहर में ठीक 1:30 बजे आलिमा की तकरीर होगी। इसी दिन मेडिकल एवं ब्लड डोनेशन कैम्प दोपहर एक बजे से खुर्सीपार आयोजन स्थल पर होगा। 8 मुहर्रम 4 जुलाई शुक्रवार को अपराह्न 3 बजे से पौधारोपण का कार्यक्रम आई टी आई रोड, जोन 1 मार्केट खुर्सीपार में होगा। इसी दिन शाम 4 बजे से सरकारी अस्पतालों में फल तकसीम किया जाएगा। 8 मुहर्रम को रात में बाद नमाजे ईशा सैयद आलमगीर अशरफ की तकरीर होगी। इसके बाद उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के चुनिंदा लोगों का सम्मान किया जाएगा। रोजाना तकरीर के बाद लंगर तकसीम किया जाएगा। अंजुमन हुसैनिया की ओर से हुसैन अली अशरफी ने बताया कि मुहर्रम पर निकलने वाले ताजिए के लेकर भी तैयारी जारी है।
सेक्टर-6 में औरतों के लिए तकरीर और लंगर भी
हजरत बीबी फातिमा जोहरा कमेटी की ओर से मुहर्रम पर यादे इमामे हसन हुसैन 10 रोज का औरतों के लिए तकरीकी प्रोग्राम जामा मस्जिद कम्युनिटी हॉल, सेक्टर- 6, भिलाई में चल रहा है। 6 जुलाई तक रोजाना दोपहर में बाद नमाज जोहर से शाम को मगरिब तक जिला बस्ती उत्तर प्रदेश मूल की फरीद नगर भिलाई निवासी आलीमा फाजिला कारिया नौरिन फातमी तकरीर कर रही हैं। वहीं 2 जुलाई से 4 जुलाई तक सिमगा की आलिमा शहाना कादरी की तकरीर होगी। मुहर्रम के चाँद की 5, 7 तारीख व 9 तारीख को लंगर रखा गया है। हजरत बीबी फातिमा जहरा कमेटी की ओर से शाहीन खान, नसीम सुल्ताना, शबनम खान, अक्सा अली, रजिया बानो, शमीम अशरफी, शबनम अली, जकिया परवीन, सईदा खान, कमरून निसा, अंजुम खान, सामरा खान, सायरा बानो, रुखसार, जायदा, कौसर कुरैशी (नेहरु नगर), आयशा आलम, आयशा बेगम, ताहिरा बेगम, रुखसाना हारून, अकीला चिश्ती, रेहाना खान, सुनहरी, अजरा, सीमा बानो वारसी, रुही, सकीबा, शमशुन निशा, जरीना सहित तमाम लोग आयोजन की तैयारी में जुटे हैं।
फरीद नगर में सीरते जहरा कॉन्फ्रेंस
मुहर्रम के मौके पर मदरसा दारुल राहत आलिमा सेक्टर-6, भिलाई की ओर से औरतों के लिए सीरते जहरा कॉन्फ्रेंस जिक्रे शोहदाए कर्बला दस रोजा तक़रीरी प्रोग्राम चल रहा है। यह जानकारी देते हुए दारुल राहत आलिमा महिला स्व सहायता समूह की सदर और इंचार्ज मदरसा दारुल राहत आलिमा चौधरी शबनम बानो ने बताया कि 6 जुलाई तक रोजाना दोपहर में बाद नमाजे ज़ोहर से शाम को मगरिब तक यह तकरीर ताज गेस्ट हाऊस, फरीद नगर में चल रही है। जिसमें मोहम्मदी चांदनी ज़हरा, रुखसार फातिमा हसन फातिमा, नातखां प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर रुबीना फातिमा, आमना फातिमा, मोबिना फातिमा, नीलोफर फातिमा की तकरीर जारी है। सरपरस्त हज्जन जुबानी नाज़, हज्जन बदरुन्निसा ताजी, अफशां अंजुम, रेशम अंजुम, मोबिना बानो और कनीज बानो सहित अन्य हैं।
अल अशरफ फाउंडेशन भिलाई की ओर से दो रोजा अजीमुश्शान जिक्र शोहदाये कर्बला कॉन्फ्रेंस 28 जून शनिवार और व 29 जून रविवार को डॉक्टर साहू दवाखाना के पास, अहमद नगर, कैम्प-2 में रखी गई है। रात में ईशा की नमाज के बाद होने वाले प्रोग्राम में अल्लामा मौलाना सैयद नैय्यर अशरफ की सरपरस्ती रहेगी। वहीं मौलाना अहमद नक्शबंदी जुनैदी हैदराबाद तकरीर करेंगे। इस दौरान दुर्ग-भिलाई की तमाम मस्जिदों के इमाम भी मौजूद रहेंगे। मौसम को देखते हुए वाटर प्रूफ पंडाल और औरतों के लिए पर्दे का माकूल इंतजाम किया गया है। बाद दुआ के लंगर तकसीम किया जाएगा।