सरायपाली। नगर के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप गुप्ता की धर्मपत्नी और वरिष्ठ भाजपा नेत्री मीना गुप्ता के निधन पर महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने उनके निवास पहुंचकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मीना गुप्ता का निधन बीते 3 जनवरी को हो गया था। सांसद ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि मीना गुप्ता के चले जाने से भाजपा ने एक बेहद सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है, जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। सांसद ने इसे अपनी व्यक्तिगत क्षति भी बताया।
सक्रियता और निष्ठा को किया याद
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने मीना गुप्ता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। परिजनों के साथ दुख बांटते हुए सांसद ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने कहा कि सरायपाली महिला मंडल को सक्रिय बनाने में मीना गुप्ता की भूमिका सबसे अहम थी। वे न केवल एक योग्य कार्यकर्ता थीं, बल्कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी मौजूदगी ही कार्यकर्ताओं में जोश भर देती थी। सांसद ने भावुक होते हुए कहा, “मेरे सभी चुनावों में उनकी सक्रियता और मेहनत को मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी।”
संगठन में निभाई अहम जिम्मेदारियां
मीना गुप्ता भाजपा संगठन में लंबे समय से महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। वे 2-3 बार महिला मंडल अध्यक्ष और जिला मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुकी थीं। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्यरत थीं। सांसद ने कहा कि मीना एक बेहद हंसमुख और व्यवहारिक पदाधिकारी थीं। उनके जाने से महिला मंडल और पार्टी में जो शून्य पैदा हुआ है, उसे कभी भरा नहीं जा सकेगा।
इस दुखद घड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय शर्मा, सौम्य रंजन कानूनगो सहित मीना गुप्ता के परिजन और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।