MP Crime: मुरैना में दबंगई की हदें पार, दलित युवक से मारपीट कर किया अमानवीय कृत्य, वीडियो बनाकर किया वायरल

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक और घटना सामने आई है। अंबाह थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने पैसे के लेन-देन के विवाद में एक दलित युवक के साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसे अपमानजनक और अमानवीय कृत्य करने के लिए मजबूर किया। आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनवाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रेत का पुरा निवासी उई उर्फ धर्मेंद्र तोमर, जो पुलिस रिकॉर्ड में आदतन अपराधी बताया जा रहा है, ने किराए पर रह रहे एक दलित युवक को पैसे समय पर न देने के विवाद में अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचते ही आरोपी और उसके साथियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पहले पिटाई, फिर अमानवीय व्यवहार

पीड़ित के साथ न सिर्फ शारीरिक हिंसा की गई, बल्कि उसे जबरन मुर्गा बनाकर अपमानित किया गया। इसके बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा और उन्होंने युवक को गंभीर रूप से अपमानजनक हरकत करने के लिए मजबूर किया। इस पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया गया।

वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आते ही इलाके में आक्रोश और सनसनी फैल गई। घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है, साथ ही वीडियो बनाने और वायरल करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

SDOP का बयान

इस मामले में एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि अंबाह थाना क्षेत्र से संबंधित एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें एक युवक के साथ मानवीय गरिमा के विरुद्ध कृत्य किया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *