घर में घुसकर मां और दिव्यांग बेटे की बेरहमी से हत्या, टब में डुबोकर उतारा मौत के घाट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में एक घर के भीतर घुसकर मां और उसके दिव्यांग बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

टब में मिला मां का शव, बाहर से बंद थी कुंडी

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रेशमा और उसके दिव्यांग बेटे के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब रेशमा के रिश्तेदार सलमान वहां पहुंचे। सलमान ने बताया कि रेशमा के बहनोई शब्बू ने उन्हें फोन कर हाल-चाल लेने को कहा था, क्योंकि रेशमा फोन नहीं उठा रही थी। जब सलमान अपने भाई फरहान के साथ वहां पहुंचे, तो घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी थी।

अंदर का नजारा देख रिश्तेदारों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर रेशमा का शव पानी से भरे एक टब में पड़ा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे जबरन पानी में डुबोकर मारा गया है। वहीं, पास ही उसके दिव्यांग बेटे का शव भी लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।

सीसीटीवी और पीएम रिपोर्ट पर टिकी जांच

सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे के मकसद को तलाश रही है। क्या यह रंजिश का मामला है या लूटपाट का, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। रिश्तेदारों और करीबियों से भी पूछताछ जारी है।

राजधानी में घर के भीतर सुरक्षित न होने की इस घटना ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *