रमेश गुप्ता भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के टाउनशिप के अंतर्गत सेक्टर-7 क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पाइपलाइन से गंदे पानी की आपूर्ति के कारण 20 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। वही बीएसपी प्रबंधन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है l
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई हो रही थी, जिसे पीने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
यह क्षेत्र भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के टाउनशिप के अंतर्गत आता है, जहां जल आपूर्ति की जिम्मेदारी संयंत्र के वाटर सप्लाई विभाग की होती है। गंदे पानी की समस्या सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

स्वास्थ्य विभाग और निगम की टीम सक्रिय
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी एवं जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के मार्गदर्शन में 9 अप्रैल को सिविल अस्पताल सुपेला के प्रभारी डॉ. पियाम सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट श्रीमती रितिका सोनवानी सहित स्वास्थ्य अमले ने वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम (सड़क 37 ए) में सर्वे किया।

टीम द्वारा कुल 95 घरों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 4 मरीज पीलिया (जॉन्डिस) से ग्रसित पाए गए। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और उनका इलाज घर पर ही जारी है।
नाली के पास पाइपलाइन, शिकायत के बावजूद समस्या बरकरार
नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी एवं वार्ड पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि सेक्टर-7 में सड़क 37 से 40 तक पाइपलाइन नाली के पास से गुजर रही है, जिससे गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार बीएसपी प्रबंधन को शिकायत दी जा चुकी है, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
प्रशासन के अनुसार, बीमार बच्चों की संख्या 20 से 23 के बीच है, लेकिन सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, जल्द समाधान की मांग
लगातार गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।
…………………………..
इस संबंध में बीएसपी प्रबंधन का कहना है कि टाउनशिप के स्ट्रीट-37 के विभिन्न स्थानों घरों से जल के नमूने एकत्रित किए गए, जिसकी रिपोर्ट का अभी इंतजार है
साथ ही, प्रदूषण की संभावना को रोकने हेतु पाइपलाइन नेटवर्क का व्यापक सर्वेक्षण कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की गई। उसे क्षेत्र के सभी रहवासियों को एहतियात के तौर पर यह सलाह दी जाती है कि फिलहाल पानी उबाल कर पिए