एटीएस की गिरफ्त में मुरादाबाद का बीडीएस छात्र, आईएस के लिए युवाओं को भड़काने का आरोप

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा मुरादाबाद से गिरफ्तार किए गए छात्र हारिश अली को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पकड़े गए हारिश के बारे में कोठीवाल डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के हॉस्टल वार्डन जीत सिंह ने अहम जानकारियां साझा की हैं।

वार्डन जीत सिंह के अनुसार, हारिश अली बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था और कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता था। उसने कोटा से नीट की परीक्षा पास करने के बाद यहां दाखिला लिया था। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक हारिश का व्यवहार बेहद शांत और सरल था और पढ़ाई में भी उसकी छवि एक होनहार छात्र की थी। उसके खिलाफ कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी की खबर ने पूरे कॉलेज परिसर को चौंका दिया है।

एटीएस की टीम ने बीते रविवार को हॉस्टल पहुंचकर हारिश को हिरासत में लिया था। जांच टीम ने उसके कमरे की तलाशी के दौरान मोबाइल, लैपटॉप और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। हारिश के रूम पार्टनर ने भी किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने से इनकार किया है। वार्डन ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उन्होंने ही हारिश के परिजनों को इस बात की सूचना दी।

एटीएस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हारिश अली कथित तौर पर आतंकी संगठन आईएस के लिए भर्ती का काम कर रहा था। आरोप है कि उसने मुरादाबाद सहित संभल, अमरोहा, बिजनौर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों के सैकड़ों युवाओं को अपने संपर्क में लिया था। वह इन युवाओं को देश के खिलाफ भड़काने और कट्टरपंथ की राह पर ले जाने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *