रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि, मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा दुर्ग जिले के भिलाई में 58.6 मिमी रिकॉर्ड की गई। अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
अक्टूबर में सामान्य से 109% अधिक बारिश
इस वर्ष अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश हुई है। सामान्य रूप से 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून की वापसी हो जाती है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।