मुंबई।
सोमवार को मुंबई की मोनोरेल यात्रा यात्रियों के लिए खौफनाक अनुभव बन गई। वाशीगांव इलाके में बिजली आपूर्ति ठप होने से मोनोरेल करीब एक घंटे तक बीच रास्ते में फंसी रही।
ट्रेन रुकते ही एसी बंद हो गया और डिब्बों के भीतर घुटन का माहौल बन गया। यात्री बेचैन हो उठे, खासकर महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हुए।
यात्रियों की परेशानी
एक यात्री ने बताया, “घुटन इतनी बढ़ गई कि हम सभी घबराने लगे। आखिरकार खिड़की को थोड़ा तोड़कर हवा के लिए जगह बनाई गई, तभी कुछ राहत मिली।”
यात्रियों ने एक-दूसरे का सहारा देकर स्थिति संभालने की कोशिश की।
रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तीन स्नॉर्कल वाहनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने खिड़कियां काटकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सहमे हुए यात्रियों ने राहत की सांस ली।