15 प्रतिशत ब्याज पर अवैध वसूली करने वाला सूदखोर गिरफ्तार, कुम्हारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग जिले में सूदखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी थाना पुलिस ने कर्ज एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 प्रतिशत ब्याज की दर से अवैध वसूली करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा ब्याज के नाम पर दबाव बनाकर रकम वसूलने और धमकी देने की शिकायत सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया सुमन टंडन (45 वर्ष), निवासी कुम्हारी, जिला दुर्ग ने थाना कुम्हारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सचिन द्विवेदी (23 वर्ष) ने उनके पुत्र लक्ष्य टंडन को समय-समय पर अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये उधार दिए थे। बाद में आरोपी ने इस राशि पर 15 प्रतिशत की ऊंची ब्याज दर लगाकर वसूली शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने फोन-पे के माध्यम से 3,01,166 रुपये और नगद 93,650 रुपये, कुल 3,94,816 रुपये की वसूली कर ली। इसके बावजूद मूलधन और ब्याज के नाम पर लगातार और रकम की मांग की जाती रही। आरोप है कि ब्याज की राशि को मूलधन में जोड़कर जान से मारने की धमकी दी गई और डर का माहौल बनाकर अवैध वसूली की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 308(2), 308(4), 351(3) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 04 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *