Mobile app- देश में पहली बार Mobile app से Voting

बिहार की 42 नगर पालिकाओं के चुनाव में मतदान

मोतिहारी की विभा पहली ई-वोटर बनीं

बिहटा, पटना

देश में पहली बार मोबाइल एप से वोटिंग हो रही है। ब‍िहार के 26 जिलों की 42 नगर पालिकाओं के उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें छह नगर पालिकाओं में पायलट प्रोजेक्‍ट के तौर पर ई-वोटिंग हो रही है।

यह प्रोजेक्ट वोटिंग सेंटर्स तक पहुंचने में असमर्थ लोगों को आसानी से वोटिंग कराने के लिए किया गया है। वोटिंग के लिए दो ऐप लॉन्च किए गए हैं।

यह सुविधा लेने के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना था। चुनाव आयोग के अनुसार ई-वोटिंग के लिए 50 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक ई-वोटिंग हुई। दुबई, कतर जैसे देशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों ने भी ऐप के जरिए वोटिंग की।

136 सीटों के लिए वोटिंग हो रही 

बिहार में आज 6 नगर निकाय की 136 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इसमें 3 नगर निकायों का कार्यकाल पूरा होने पर मतदान हो रहा है। जबकि बाकी जगह पर उपचुनाव हो रहा है।

पटना जिले में तीन नगर पंचायत नौबतपुर, बिक्रम, खुसरुपुर में कार्यकाल पूरा हुआ है। तीनों में चुनाव हो रहा है। नौबतपुर में 17 पदों के लिए वोटिंग हो रही है। जिसमें 15 वार्ड पार्षद, एक मुख्य पार्षद, एक उप मुख्य पार्षद है। बिक्रम में 16 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, जिसमें 14 वार्ड पार्षद, एक मुख्य पार्षद और एक उप मुख्य पार्षद हैं। खुसरूपुर में 10 वार्ड हैं, जिनके लिए चुनाव हो रहा है। इसमें 10 पार्षद, एक मुख्य पार्षद के पद हैं।
भागलपुर में 12 बजे तक 23 फीसदी वोटिंग

भागलपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 10 में पार्षद पद के लिए उप चुनाव हो रहा है। सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक 23 फीसदी वोटिंग हुई है। करीब 7800 वोटर हैं। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसएसपी हृदय कांत खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।