अम्बिकापुर: अम्बिकापुर न्यूज़: प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप एवं फ्लेवर लिक्विड बिक्री के 02 मामलों में 02 आरोपी गिरफ्तार, 55 हजार का प्रतिबंधित नशीला पदार्थ सहित चाइनीज चाकू जप्त
अम्बिकापुर। डीआईजी एवं एस.एस.पी. सरगुजा के दिशा-निर्देशन में एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में आबकारी, कोतवाली एवं थाना मणीपुर पुलिस टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। मोबाइल व गिफ्ट गैलरी के दुकान संचालक एवं पान दुकान व डेली नीड्स संचालक द्वारा युवाओं को वेप एवं प्रतिबंधित ई-सिगरेट, फ्लेवर लिक्विड बेचकर नशे की लत लगाई जा रही थी। पुलिस ने मोबाइल दुकान संचालक से 148 नग फ्लेवर लिक्विड, 16 नग वेप, 12 नग brain freezer फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट 02 नग, एवं 40 नग चाइना चाकू जप्त किया है। वहीं पान दुकान एवं डेली नीड्स संचालक के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का 24 नग रिफिल एवं 10 नग फ्लेवर जप्त किया गया। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है, साथ ही अलग से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर न्यायालय पेश किया गया।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 05/02/26 को थाना मणीपुर पुलिस को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि जिला अस्पताल रोड मणीपुर स्कूल के सामने अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी के संचालक द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एवं उसके साथ में उपयोग में आने वाली वस्तुओं का दुकान में रख कर बिक्री किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही कर मौके पर पहुंचकर देखा गया तो अमित मोबाइल व गिफ्ट गैलरी दुकान का संचालक उपस्थित मिला, जिससे पूछताछ करने पर अपना नाम अमित अग्रवाल आत्मज सुरेश अग्रवाल उम्र 35 वर्ष निवासी जिला अस्पताल रोड मणीपुर थाना मणीपुर का होना बताया। दुकान संचालक से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एवं उसके साथ में उपयोग में आने वाली नशीली वस्तुओं के संबंध में पूछताछ किया गया तो संचालक द्वारा दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एवं फ्लेवर रखकर बिक्री करना बताया गया। आरोपी की निशानदेही पर दुकान में रखा फ्लेवर लिक्विड 148 नग कीमती 14,100 रुपये, 16 नग वेप, ई-सिगरेट 02 नग, 12 नग brain freezer फ्लेवर कुल कीमती 49,400/- रुपये तथा चाइना चाकू 40 नग जप्त किया गया।

इलेक्ट्रॉनिक ई-सिगरेट एवं फ्लेवर लिक्विड बिक्री के दूसरे मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 05/02/26 को जिला आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि स्कूल रोड वाणीदूत एसटीडी पीसीओ के सामने सुशील कुमार केशरी अपने पान ठेला व डेली नीड्स के दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का विक्रय करता है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही कर मौके पर पहुंचकर रेड कार्यवाही की गई, जहाँ पान ठेला व डेली नीड्स दुकान संचालक मौके पर उपस्थित मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सुशील कुमार केशरी आत्मज स्व. प्रेमचंद केशरी उम्र 35 वर्ष निवासी वाणीदूत स्टूडियो के सामने अंबिकापुर का होना बताया। दुकान संचालक ने अपने डेली नीड्स की दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट रखना व विक्रय करना स्वीकार किया। दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का 24 नग रिफिल प्रत्येक का कीमत 40 रुपये कुल कीमती 960 रु. तथा 10 नग फ्लेवर प्रत्येक का कीमत 400 रुपये कुल कीमती 4,000 रु. जुमला कीमती 4,960/- रुपये को निकालकर पेश किया जिसे पुलिस टीम द्वारा जप्त किया गया।

दोनों प्रकरणों में आरोपियों द्वारा अपने मोबाइल दुकान एवं डेली नीड्स की दुकान में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट रिफिल व फ्लेवर रखना व बिक्री करना तथा युवाओं के द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का उपयोग करने से लोक स्वास्थ्य पर खतरा होना पाये जाने से इले. सिगरेट (उत्पादन, विनिर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, विक्रय वितरण, भण्डारण और विज्ञापन प्रतिषेध) अधि. 2019 की धारा 7, 8 व बीएनएस की धारा 270, कोटपा एक्ट की धारा 6 ख का घटित करना पाये जाने से मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।

डीआईजी एवं एस.एस.पी. सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा भावी पीढ़ी को नशे की लत से बचाने एवं ऐसे नशे के विरुद्ध जागरूक करने हेतु मामले को संज्ञान में लेकर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान प्रमुख प्रधानाचार्य, प्राचार्यों, संचालकों एवं छात्र-छात्राओं के परिजनों/संरक्षकों से अपील जारी कर कहा है कि ई-सिगरेट एवं फ्लेवर लिक्विड की लत भावी पीढ़ी को प्रभावित कर रही है। ई-सिगरेट से होने वाली हानि के बारे में हमारी युवा पीढ़ी को जागरूक करना आवश्यक है। इस प्रकार की नशे से सम्बंधित किसी भी प्रकार की सार्थक सूचना पर आम नागरिक कंट्रोल रूम के नंबर 9479193599 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।