नाबालिग से 7 वर्षों तक सामूहिक दुष्कर्म, नौकरी लगाने का झांसा देकर रसूखदारों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ वर्षों तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के नाबालिग रहने के दौरान ही आरोपियों ने उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। बताया गया है कि जब पीड़िता की उम्र मात्र 14 वर्ष थी, तभी से उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसका शोषण किया जा रहा था। यह सिलसिला करीब आठ वर्षों तक चलता रहा।

पीड़िता ने 30 जनवरी को अपनी मां के साथ महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उल्लेख है कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच छह आरोपियों ने, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 65(1), 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 12 के तहत अपराध दर्ज किया है।

दो आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी विजय स्वाइन (37 वर्ष), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई और अनिल चौधरी (60 वर्ष), निवासी जोन-1 को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में शहर के कुछ रसूखदारों के नाम भी सामने आए हैं, हालांकि पुलिस ने जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *