शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक संवेदनशील मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग सगे चाचा ने अपनी 6 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर किशोर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला घरों में सफाई का काम करती है। वह रोज की तरह काम पर गई हुई थी और घर पर उसकी 6 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान बच्ची के नाबालिग सगे चाचा ने अवसर का फायदा उठाकर उसके साथ अपराध किया। काम से लौटने पर मां ने बेटी की हालत देखकर पुलिस को सूचना दी।
मां ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। चूंकि आरोपी नाबालिग है इसलिए उसे गिरफ्तार करने के बाद किशोर न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
शहडोल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दिवान ने बताया कि एक महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें कहा गया कि उनकी अनुपस्थिति में उसके देवर ने 6 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। जांच जारी है।