रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्रियों द्वारा कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को सुनने का सिलसिला एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में 3 से 6 फरवरी तक विभिन्न विभागों के मंत्री उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का समाधान करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की मांगों को सीधे सरकार तक पहुंचाना और उनका त्वरित समाधान करना है।
इस सहयोग केंद्र की शुरुआत सबसे पहले वर्ष 2024 में की गई थी। हालांकि, बीच में यह प्रक्रिया कुछ समय के लिए रुकी रही। पिछले वर्ष अक्टूबर में इसे पुनः प्रारंभ किया गया था, लेकिन दीपावली के अवकाश के कारण दो सप्ताह बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। उन दो हफ्तों के दौरान मंत्रियों के पास एक हजार से अधिक आवेदन आए थे, जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया था।
आगामी कार्यक्रम के अनुसार, 3 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल सहयोग केंद्र में मौजूद रहेंगे। इसके बाद 4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रत्येक मंत्री के साथ संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी सहयोग के लिए उपस्थित रहेंगे।