छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखा जवाब देते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पूरी तरह किसान हितैषी है और किसानों की भलाई के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी किसान धान बेचने से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की अवधि दो दिन और बढ़ाई गई है।
कांग्रेस पर सीधा हमला
धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ धोखा किया और चौथी किस्त तक का भुगतान नहीं किया। अब वही पार्टी किसानों की चिंता का दिखावा कर रही है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों से सीधे जुड़ी हुई सरकार है और उनकी आय बढ़ाने व जीवन स्तर सुधारने के लिए निरंतर काम कर रही है।
नक्सल उन्मूलन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सकता है। सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ नक्सल उन्मूलन की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है। इस दिशा में कौशल विकास प्राधिकरण लगातार काम कर रहा है। मंत्री ने बस्तर की पर्यटन संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडूम इसके उदाहरण हैं।
NRDA कार्रवाई पर प्रतिक्रिया
खपरी और नवागांव में NRDA की कार्रवाई को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि गांवों में आबादी भूमि की पहचान सरपंच और कलेक्टर के माध्यम से की जाती है। उसी भूमि पर मकान निर्माण की अनुमति दी जाती है। उन्होंने कहा कि नजूल या शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण अनुचित है और प्रशासन ने नोटिस देने के बाद ही कार्रवाई की होगी।
2028 में भाजपा सरकार का दावा
कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। अब जनता कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2028 में एक बार फिर प्रदेश में कमल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी।