छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बीते 20 मार्च को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तेज आंधी और बारिश के साथ जमकर ओले गिरे।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के लिए आगामी 24 घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई इलाकों में तेज अंधड़ चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 मार्च को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में लगभग 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में वर्तमान में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *