ये घोषणा नहीं संकल्प है: महापौर
धमतरी।शहर के स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए महापौर रामू रोहरा का संकल्प अब हकीकत में बदलता नजर आ रहा है। नगर के दानी टोला, हटकेशर, आत्मानंद स्कूल गोकुलपुर, शिव सिंह वर्मा गर्ल्स स्कूल समेत अन्य विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए प्रति स्कूल 10-10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
महापौर ने विभिन्न स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए प्रार्थना शेड निर्माण का संकल्प लिया था। अब इस दिशा में स्वीकृति मिलने से जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि उनका संकल्प था, जिसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसी सोच के तहत यह कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रार्थना शेड बनने से विद्यार्थियों को धूप, बारिश और अन्य मौसम की परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही स्कूलों में प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों का आयोजन भी सुचारू रूप से हो सकेगा।
महापौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सरकार की सकारात्मक सोच और सहयोग से ही ऐसे जनहितकारी कार्य संभव हो पा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे। आने वाले समय में अन्य आवश्यक कार्यों की भी स्वीकृति दिलाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा सके।
इस निर्णय से विद्यार्थियों, शिक्षकों और पालकों में खुशी का माहौल है और सभी ने इसे शहर के शिक्षा विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया । स्कूलों में प्रार्थना शेड की स्वीकृति मिलने पर विजय साहू,गजेंद्र कवर, विनय जैन ,अजय देशलहरे ,महेश साहू ,संतोषी साहू , ने महापौर रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त किया है।