धमतरी। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर के कामों की प्रगति देखी और अधिकारियों को काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए दो टूक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी की जनता लंबे समय से ट्रेन चलने का इंतजार कर रही है और अब यह सपना पूरा होने वाला है। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि रेलवे ट्रैक का काम जल्दी पूरा करें ताकि लोगों को जल्द से जल्द रेल सुविधा का फायदा मिल सके। महापौर के मुताबिक, रेल सेवा शुरू होने से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं, बल्कि यहां के व्यापार, खेती और उद्योगों को भी नई ऊंचाई मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि काम की क्वालिटी में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सारा काम तय समय के भीतर पूरा होना चाहिए। उन्होंने स्टेशन में सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया। इस मौके पर नगर निगम की सभापति कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर और पार्षद नम्रता पवार, अज्जू देशलहरे, मेघराज ठाकुर, अनिता अग्रवाल, गजेंद्र कवर एवं संजय देवांगन मौजूद रहे। साथ ही रेलवे विभाग के अधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।