पंजाब से हेरोइन सप्लाई का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस ने तोड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क

बिलासपुर। नशीले पदार्थों के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने हेरोइन सप्लाई के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस तीन आरोपियों को पकड़कर 34 ग्राम हेरोइन बरामद कर चुकी थी। जांच में मिले सुराग के आधार पर मुख्य सप्लायर को तरनतारन जिले से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी जिस गांव से पकड़ा गया है, वह अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज करीब 200 मीटर दूर है। जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं और बाद में अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किए जाते हैं। इसी नेटवर्क के माध्यम से हेरोइन बिलासपुर पहुंच रही थी।

कुछ दिन पहले चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) को गिरफ्तार कर 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि करन दीप सिंह बाहर से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को देता था और दोनों साथी रजिंदर कुमार के साथ मिलकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। तीनों को जेल भेजकर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही थी।

विवेचना के दौरान सप्लाई चेन का अहम सुराग मिलने पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची और खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है और एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम आरोपी को ट्रेन से ला रही है।

होली पर्व को देखते हुए पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। शराब और गांजा के साथ अब हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स पर विशेष नजर रखी जा रही है। आशंका है कि त्योहार से पहले बड़ी खेप शहर में खपाने की कोशिश हो सकती है। पुलिस संदिग्धों पर निगरानी रख रही है और बाहरी राज्यों से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।

सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *