गौरेला में रेल निर्माण कंपनी के यार्ड में भीषण आग, एक करोड़ की सामग्री जलकर खाक

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला के पास पेंड्रा रोड-गेवरोड रेल लाइन निर्माण कार्य में जुटी कंपनी के यार्ड में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। यह यार्ड गौरेला ओवरब्रिज के पास स्थित है, जहां रेल ट्रैक निर्माण से संबंधित भारी मात्रा में कीमती सामान रखा हुआ था।

मिली जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि यार्ड में रखी निर्माण सामग्री देखते ही देखते चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जयपुर की एसआईएल (SIL) कंस्ट्रक्शन कंपनी का लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का रबर पैड जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। आग लगने के समय मौके पर तत्काल फायर ब्रिगेड उपलब्ध नहीं होने के कारण कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर बुझाने का प्रयास किया।

बाद में सूचना मिलने पर प्रशासन की ओर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की गईं। इस घटना से रेल लाइन निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर गौरेला पुलिस और आरपीएफ की टीम तैनात है। राहत की बात यह है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *