दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: रामफल चौक के पास इमारत में लगी आग, 6 लोगों की झुलस कर मौत

नई दिल्ली: देश की राजधानी के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हो गया। रामफल चौक के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से अब तक 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। हादसे के वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल की 30 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों के घेरे में आ गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। संकरी गलियां और भीषण लपटों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 6 जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, बढ़ सकता है आंकड़ा हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मलबे और धुएं के बीच हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *