धमतरी (छत्तीसगढ़)। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोडरा में गुरुवार को किसानों के खेतों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर करीब 400 से 500 एकड़ में लगी फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में हड़कंप मच गया और उन्हें लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बोडरा के किसानों ने अपने खेतों में चना, राहर, सरसों, लाखड़ी और पैरा की फसल लगाई थी। अचानक खेतों से उठती तेज लपटों को देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही किसान तुरंत खेतों की ओर दौड़े और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
मोटर पंप की मदद से बुझाई आग
घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन चारों तरफ खेतों में फसल होने की वजह से दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे में किसानों ने अपने खेतों में लगे मोटर पंपों की मदद से पानी चलाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित किया गया, हालांकि कुछ स्थानों पर देर तक धुआं और आग की लपटें उठती रहीं।
किसानों ने मांगा नुकसान का मुआवजा
पीड़ित किसानों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत से फसल तैयार की थी, लेकिन अचानक हुई आगजनी की घटना ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
आगजनी की आशंका, जांच की मांग
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह आग असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई हो सकती है। इस मामले को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई थी। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं प्रशासन द्वारा भी नुकसान का आकलन करने की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।