Bhilai Steel Plant Fire : भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के पावर प्लांट-2 में मंगलवार रात को भीषण आग लग गई। इस हादसे के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि अपनी जान बचाने के लिए कर्मचारी बिल्डिंग की खिड़कियों से नीचे कूदते नजर आए। इस हादसे में कुल 7 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खिड़की से लटककर बचाई जान सोशल मीडिया पर इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 के टर्बाइन हॉल में धुआं भरने के बाद कर्मचारी बाहर निकलने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। जान बचाने की हड़बड़ी में कुछ कर्मचारी पाइप के सहारे नीचे उतरे, तो कुछ ने बिल्डिंग की ऊंचाई से छलांग लगा दी। इस दौरान एक संविदा कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हो गया है।
6 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू जानकारी के मुताबिक, आग STG-4 टर्बाइन में लगी थी। देखते ही देखते धुएं का गुबार आसमान में छा गया। घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी की फायर ब्रिगेड की 6 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 11:10 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इसके बाद देर रात तक कूलिंग का काम चलता रहा।
घायलों की स्थिति और जांच हादसे में घायल हुए 2 नियमित और 5 संविदा कर्मचारियों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। बीएसपी प्रबंधन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं ताकि टर्बाइन में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।