बलौदाबाजार। जिले के कटगी स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। रमेश ऑटो पार्ट्स नामक दुकान में अचानक लगी इस आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 3 घंटे तक लपटें उठती रहीं।
इस हादसे में दुकान के भीतर रखे लाखों रुपये के ऑटो पार्ट्स जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि दुकान से लगे दूसरे कमरे में रखी नगदी रकम भी इस आग की भेंट चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया।
आगजनी की खबर मिलते ही कसडोल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब 10 से 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।