कोरिया,सोनहत। जिले के सोनहत विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलगवांकला में मंगलवार, 10 फरवरी को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के तहत भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। सलगवांकला के प्राथमिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में कुल 50 जोड़ों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दांपत्य जीवन में प्रवेश किया।
विधायक रेणुका सिंह ने दिया आशीर्वाद, की आर्थिक सहायता की घोषणा इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर-सोनहत की विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी विधायक निधि से प्रत्येक दूल्हे को 10,000-10,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

प्रमुख अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत कोरिया के अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सोनहत के उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय सरपंच श्रीलाल उपसरपंच आशीष जायसवाल की विशेष मौजूदगी में यह सामूहिक विवाह संपन्न हुआ।
समारोह का उत्साह महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शासन की योजना के अनुरूप वधुओं को उपहार और गृहस्थी का सामान भी वितरित किया गया। स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस विशाल समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और वर-वधू के परिजनों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रही है, जिससे फिजूलखर्ची पर लगाम लगती है और समाज में एकता का संदेश जाता है।