
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर महासमुंद जिले में शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में जिले भर में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सुबह ठीक 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कार्य रोककर शहीदों को नमन किया। संक्षिप्त लेकिन भावपूर्ण इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद किया। इस दौरान पूरा परिसर शांत रहा और सभी ने एकजुट होकर देश के प्रति अपने दायित्वों को स्मरण किया।
शहीद दिवस के अवसर पर जिले के सभी एसडीएम कार्यालयों, तहसीलों, जिला पंचायत, जनपद पंचायतों तथा समाज कल्याण, कृषि, वन, उद्यानिकी सहित विभिन्न शासकीय विभागों में भी दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान शासकीय कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए और अधिकारी-कर्मचारी अपने स्थान पर खड़े होकर शहीदों को श्रद्धांजलि देते नजर आए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा कि शहीद दिवस हमें उन महान व्यक्तित्वों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने में है।
शहीद दिवस पर पूरा महासमुंद जिला राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया और शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।