1 मार्च से लागू होंगे बैंकिंग और रेलवे समेत कई नए नियम, आम आदमी की जेब और सुविधाओं पर पड़ेगा सीधा असर

नई दिल्ली। कल यानी रविवार, 1 मार्च से देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग से लेकर यूपीआई ट्रांजैक्शन और सिम बाइंडिंग जैसे नियमों में होने वाले इन बदलावों का सीधा असर आम जनता की दिनचर्या और जेब पर पड़ेगा।

ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। 1 मार्च से यात्री भारतीय रेलवे के यूटीएस ऐप के जरिए जनरल क्लास और प्लेटफॉर्म टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। अब इन सेवाओं के लिए सिर्फ रेल-वन मोबाइल ऐप का ही उपयोग किया जा सकेगा।

डिजिटल लेनदेन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यूपीआई के नियमों को भी सख्त किया गया है। अब बड़े ट्रांजैक्शन के लिए केवल यूपीआई पिन पर्याप्त नहीं होगा। 1 मार्च से बड़ी राशि के हस्तांतरण के लिए पिन के साथ बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।

साइबर धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए सरकार सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू कर रही है। इसके तहत व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे सिम कार्ड से लिंक रहेंगे। यदि मोबाइल से सिम निकाल दी जाती है, तो ये ऐप वाई-फाई या हॉटस्पॉट के जरिए भी काम नहीं करेंगे।

इसके अलावा, हर महीने की पहली तारीख की तरह ही 1 मार्च को भी एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में संशोधन संभावित है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के आधार पर ईंधन के दामों में कटौती या बढ़ोतरी का फैसला लेंगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *