खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में नर्मदा तट के पास अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। घटना मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सुलगांव की है, जहां पथराव से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नर्मदा किनारे कुछ लोग अंतिम संस्कार कर रहे थे, जिस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस भी लोगों के गुस्से का शिकार हो गई।
घटना में पुलिस जवानों और ग्राम चौकीदार सहित कई लोग घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। स्थिति को देखते हुए गांव में तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।
मौके पर मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला भी पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। पुलिस पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।