कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पूर्व राज्य के पुरोहितों और मुअज्जिनों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों वर्गों के मासिक मानदेय में वृद्धि की घोषणा की है। इस फैसले के बाद अब उन्हें प्रतिमाह 1,500 रुपये की जगह 2,000 रुपये मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए काफी प्रसन्नता हो रही है कि पुरोहितों और मुअज्जिनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की वृद्धि की गई है। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग हमारे समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस संशोधन के बाद अब उन्हें प्रतिमाह 2,000 रुपये प्राप्त होंगे।
ममता बनर्जी ने इस बात की भी पुष्टि की है कि पुरोहितों और मुअज्जिनों द्वारा जमा कराए गए सभी नए आवेदनों को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर समुदाय और परंपरा का सम्मान और सुदृढ़ीकरण हो। हमारा निरंतर प्रयास है कि राज्य की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को सहेजने वाले इन संरक्षकों को उचित मान-सम्मान और सरकारी सहायता मिले।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि चुनाव के समय की गई यह घोषणा काफी महत्वपूर्ण है, जिसका सीधा असर राज्य के धार्मिक और सामाजिक समुदायों पर पड़ सकता है। सरकार के इस कदम से हजारों पुरोहित और मुअज्जिन लाभान्वित होंगे।