जगदलपुर में दंतेश्वरी मंदिर में बड़ी चोरी, सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर


जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इस बार अज्ञात चोरों ने प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर को निशाना बनाया है। देर रात मंदिर के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और माता दंतेश्वरी के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में नाराजगी का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें चोरों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा शहर के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही के सुराग मिल सकें।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम टूटे ताले, दरवाजे और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। जांच के चलते फिलहाल मंदिर के कपाट आम लोगों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *