मनेन्द्रगढ़। शहर के चैनपुर इलाके में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई। हादसे में फैक्ट्री में रखी प्लास्टिक सामग्री सहित एक वाहन भी जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के कार्य में एसईसीएल कर्मियों, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर सहयोग किया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।