खंडवा। जिला जेल के सामने स्थित राज्य कर (सेल्स टैक्स) कार्यालय में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में कार्यालय की बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया, जिससे दफ्तर में रखे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण कार्यालय बंद था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
दोपहर दो बजे नजर आईं लपटें
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे स्थानीय निवासियों ने बिल्डिंग से काला धुआं और तेज लपटें उठती देखीं। रहवासियों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचतीं, तब तक दफ्तर का काफी सामान जल चुका था।
नुकसान का आकलन जारी
सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दफ्तर के अंदर रखे कई कंप्यूटर सेट और महत्वपूर्ण फाइलें इस आगजनी की भेंट चढ़ गई हैं। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।