रायपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: टैक्स बकाया होने पर होलीक्रॉस के दो स्कूल सील, कार्रवाई के डर से एक स्कूल ने तुरंत जमा किया भुगतान

रायपुर: राजधानी रायपुर में नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। निगम के जोन क्रमांक 4 के राजस्व विभाग ने आयुक्त के निर्देशों का पालन करते हुए शहर के दो प्रतिष्ठित स्कूलों को भारी टैक्स बकाया होने के कारण सील कर दिया है। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बाद भी बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर निगम की टीम ने यह कदम उठाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैरनबाजार स्थित होलीक्रॉस स्कूल पर लगभग 34 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। वहीं, शैलेन्द्र नगर स्थित होलीक्रॉस स्कूल पर करीब 24 लाख रुपये की राशि बकाया थी। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों संस्थानों को समय पर भुगतान करने के लिए कई बार सूचित किया गया था, लेकिन संतोषजनक प्रतिक्रिया न मिलने पर दोनों स्कूलों के मुख्य द्वारों पर ताला लगाकर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसी बीच, नगर निगम की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही होलीक्रॉस स्कूल कांपा प्रबंधन ने तत्परता दिखाई। सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए कांपा स्कूल प्रबंधन ने अपना पूरा बकाया टैक्स तुरंत नगर निगम के कोष में जमा कर दिया, जिसके बाद वहां सीलिंग की कार्रवाई नहीं की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और टैक्स जमा नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *