कवर्धा में दूषित पानी और अवैध संचालन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2000 से अधिक बोतलें सीज कर प्लांट पर कसा शिकंजा

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जिले में संचालित पानी प्लांट्स के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिनीमाता चौक स्थित बिल्स वॉटर ड्रिंको प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं पाईं। जांच में सामने आया कि संबंधित संस्थान द्वारा गलत लाइसेंस और गलत पते पर उत्पादन कार्य किया जा रहा था।

विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से 1728 बोतल बिल्स पीकेडी वॉटर और 288 बोतल बिल्स पीकेडी ऑरेंज सोडा सहित कुल 2016 बोतलों को सीज कर दिया है। इसके साथ ही टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल चार विधिक नमूने संकलित किए हैं, जिन्हें गुणवत्ता की सूक्ष्म जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान बैरागी प्रोडक्ट्स से मन एक्वा पीकेडी वॉटर और निवान अमृत एक्वा से भी नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गर्मी के मौसम को देखते हुए विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के उत्पादन और विक्रय पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने आम जनमानस को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *