भारत-पाकिस्तान सीमा पर बड़ी कार्रवाई: ड्रोन से भेजी गई 60 करोड़ की हेरोइन बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने नशीली दवाओं के तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया है। सीआईडी, राजस्थान पुलिस और बीएसएफ ने एक संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई 12 किलो हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जो नशे की इस खेप की डिलीवरी लेने पहुंचे थे।

सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही इनपुट मिला था कि पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में नशे की खेप गिराने की फिराक में हैं। इसके बाद गजसिंहपुर और रावला मंडी के सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी की गई थी। देर रात जैसे ही ड्रोन की आवाज सुनाई दी और पैकेट नीचे गिरे, टीम ने घेराबंदी कर तलाशी ली। मौके से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 12 किलो हेरोइन भरी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 60 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में एक पंजाब का रहने वाला है, जबकि अन्य स्थानीय निवासी हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। पाकिस्तानी तस्कर जीपीएस युक्त ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे पंजाब और राजस्थान के स्थानीय तस्करों को लोकेशन साझा करते हैं, जो अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों या सुनसान रास्तों से पैकेट उठाते हैं। जांच में सामने आया है कि इस खेप को पंजाब के बड़े शहरों में सप्लाई किया जाना था।

सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी से न केवल करोड़ों का नशा युवाओं तक पहुंचने से बचा है, बल्कि तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस कारोबार से जुड़े अन्य बड़े नामों के सामने आने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *