जगदलपुर। बस्तर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग के जांच दल ने पिछले नौ दिनों के भीतर विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान रेत, चूना पत्थर और लाल ईंट का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर, हाइवा और टिप्परों को पकड़ा है। ये वाहन मुख्य रूप से ग्राम कंगोली, परपा, बालेंगा, लालबाग और पल्लीनाका जैसे क्षेत्रों से गुजर रहे थे। इसके अलावा मूतनपाल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन में लगी एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन को भी जब्त कर पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा गया है।
अवैध उत्खनन और परिवहन के इन सभी 16 मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में खनिजों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए इस तरह की निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।