नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अबूझमाड़ क्षेत्र के अंतर्गत संचालित नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक और राशन सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नारायणपुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच गश्त पर निकली थी। इसी दौरान ग्राम भोटोर के समीप घने जंगलों में नक्सलियों की डंप सामग्री का पता चला। सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर और आईईडी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नक्सलियों द्वारा भविष्य के लिए सुरक्षित रखे गए बड़े ड्रम, भारी मात्रा में राशन सामग्री और दैनिक उपयोग के अन्य सामान भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नारायणपुर पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सलियों के रसद और आपूर्ति नेटवर्क को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।