महासमुंद में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 90 किलो से अधिक गांजा जब्त

पिथौरा। महासमुंद जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। पिछले 48 घंटों में पांच अलग-अलग मामलों में नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई कर करीब 45 लाख 46 हजार रुपये मूल्य का 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।

पहले मामले में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र से करीब 19 लाख रुपये मूल्य का 38 किलोग्राम गांजा और दो कारें जब्त की गईं। तस्कर ओडिशा के फुलबनी से राजस्थान के झालावाड़ गांजा ले जा रहे थे। इस प्रकरण में मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दूसरे मामले में 15 लाख 40 हजार रुपये मूल्य का 30 किलो 920 ग्राम गांजा एक कार से बरामद किया गया। यह गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से रायपुर लाया जा रहा था। पुलिस ने राजस्थान और ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तीसरे प्रकरण में बलौदा थाना क्षेत्र से स्कूटर के जरिए ले जाया जा रहा 3 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसमें बिलासपुर जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

चौथे मामले में पिथौरा थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल के माध्यम से ओडिशा के सोनपुर से मध्यप्रदेश के आगर मालवा ले जाया जा रहा 10 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये है। इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

पांचवें प्रकरण में बलौदा थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल के जरिए ओडिशा से कोरबा ले जाया जा रहा 9 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अनुसार जनवरी माह में अब तक करीब 10 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य का 2067 किलोग्राम से अधिक गांजा और 146 अवैध कफ सिरप जब्त किए जा चुके हैं। इस दौरान 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कई मामलों में सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *