गरियाबंद में अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, वन विभाग ने वन्यजीव मांस और हथियार किए जब्त



रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन क्षेत्रों में अवैध शिकार की रोकथाम के लिए वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा जंगलों में नियमित पेट्रोलिंग और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में वन विभाग की टीमें सतर्क रहकर निरंतर कार्रवाई कर रही हैं।

इसी क्रम में गरियाबंद क्षेत्र में प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर 1 जनवरी को परिक्षेत्र परसुली अंतर्गत ग्राम कोपेकसा में बड़ी छापामार कार्रवाई की गई। सर्च वारंट के तहत सहायक वन संरक्षक नदीम कृष्णा बरिहा, आर.के. साहू और शिव प्रसाद ध्रुव के संयुक्त नेतृत्व में ग्रामीण नंदू, पिता महेतर ध्रुव के निवास पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से वन्यजीव का कच्चा और पका हुआ मांस बड़ी मात्रा में बरामद किया गया। साथ ही एक लाइसेंसी भरमार बंदूक, एक एयर गन और अन्य हथियार भी जब्त किए गए। बरामद मांस के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राज्य में अवैध शिकार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत प्रदेशभर में छापामार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

इसके साथ ही वन विभाग द्वारा स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों को जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से वन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व तथा अवैध शिकार से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है, ताकि लोग ऐसे कृत्यों से दूर रहें और वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *