एमसीबी में अवैध गैस उपयोग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट में मारा छापा

एमसीबी, 14 मार्च 2026। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने जनकपुर नगर के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया, जो नियमों के विरुद्ध है। इस पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस आपूर्ति एवं विनियमन आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल सात घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जब्त किए गए सिलेंडरों को ग्रामीण गैस वितरण एजेंसी जनकपुर को आगामी आदेश तक सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। यह कार्रवाई जिला खाद्य अधिकारी विष्णु नारायण शुक्ला के नेतृत्व में की गई। संयुक्त जांच दल में खाद्य निरीक्षक प्रवीण मिश्रा, भरतपुर के खाद्य निरीक्षक और कोटाडोल के खाद्य निरीक्षक सदानंद पैकरा शामिल थे।

कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अवैध उपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने होटल संचालकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही करें और व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्धारित कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही इस्तेमाल करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *