वृंदावन में यमुना नदी में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी मोटर बोट पलटने से 10 की मौत, राहत बचाव कार्य जारी, लापता लोगों की तलाश जारी

मथुरा। धर्मनगरी वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक दुर्घटना में यमुना नदी में सैर कर रहे श्रद्धालुओं की मोटर बोट असंतुलित होकर पलट गई। इस दुखद हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य के लापता होने की आशंका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोगा, मुक्तसर और लुधियाना से करीब 150 श्रद्धालुओं का एक जत्था दो बसों में सवार होकर शुक्रवार सुबह वृंदावन पहुंचा था। निधिवन के दर्शन करने के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे श्रद्धालुओं का एक समूह केशीघाट से मोटर बोट पर सवार होकर यमुना की सैर पर निकला था। मांट थाना क्षेत्र में स्थित पैंटून पुल से टकराकर बोट अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी 32 लोग नदी में डूब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। शाम साढ़े पांच बजे तक 10 शव निकाले जा चुके थे। नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है, जिसे देखते हुए एसडीआरएफ के साथ ही सेना की स्ट्राइक वन फोर्स के गोताखोरों को भी बुला लिया गया है।

डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक 10 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है और 12 लोगों को सकुशल बचा लिया गया है। लापता लोगों की सटीक संख्या का पता लगाने के साथ ही सघन खोज अभियान जारी है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात हैं। हादसे के बाद घाट पर परिजनों का बुरा हाल है और बचाव दल बाकी लोगों की तलाश में जुटा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *