दोहा। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। कतर के क्षेत्रीय जल में रविवार तड़के एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें छह लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। इस हादसे के बाद एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन और समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, खाड़ी देश के अधिकारियों ने अब तक छह शव बरामद कर लिए हैं। लापता व्यक्ति को ढूंढने के लिए कतर का रक्षा मंत्रालय और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई हैं।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिलते ही विशेष बचाव टीमों को प्रभावित क्षेत्र में रवाना कर दिया गया था। यह राहत एवं बचाव कार्य कोस्ट्स और बॉर्डर्स सिक्योरिटी के जनरल डायरेक्टरेट की समुद्री तलाशी टीम, आंतरिक सुरक्षा बल और कतर अंतर्राष्ट्रीय तलाशी एवं बचाव समूह द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है। सभी टीमें आपसी तालमेल के साथ समुद्र के क्षेत्रीय जल में लापता व्यक्ति की खोज कर रही हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।