किंशासा। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के पूर्वी हिस्से में स्थित रुबाया कोल्टन खदान में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। भारी बारिश के कारण हुए भीषण भूस्खलन (Landslide) में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। विद्रोही-नियुक्त गवर्नर के प्रवक्ता लुमुम्बा कंबेरे मुयिसा और अन्य स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतकों का आंकड़ा 227 तक पहुंच गया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब खदान की कमजोर जमीन अचानक धंस गई। मलबे में खनिकों के साथ-साथ वहां काम करने वाले बच्चे और बाजार की महिलाएं भी दब गईं। बताया जा रहा है कि सैकड़ों लोग अभी भी गड्ढों में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने की कोशिशें जारी हैं। घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स दुनिया के लिए ‘सोना’ है कोल्टन
रुबाया क्षेत्र का वैश्विक स्तर पर बहुत महत्व है क्योंकि यह दुनिया के लगभग 15% कोल्टन का उत्पादन करता है। कोल्टन से ही ‘टैंटलम’ (Tantalum) निकाला जाता है, जिसका उपयोग आपके स्मार्टफोन, लैपटॉप, कंप्यूटर और एयरोस्पेस उपकरणों में किया जाता है।
अवैध खनन और विद्रोहियों का कब्जा
यह खदान साल 2024 से M23 विद्रोही समूह के नियंत्रण में है। संयुक्त राष्ट्र का आरोप है कि ये विद्रोही खदानों की लूटपाट कर अपने अभियानों के लिए फंड जुटाते हैं। यहां सुरक्षा मानकों का कोई पालन नहीं होता और स्थानीय मजदूर चंद रुपयों के लिए जान जोखिम में डालकर हाथों से खुदाई करते हैं। कांगो में असुरक्षित खनन और संघर्ष के कारण ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं, जो वहां की भयावह स्थिति को दर्शाते हैं।