13 फरवरी से सजेगा मैनपाट महोत्सव: सीएम विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, कनिका कपूर और मनोज तिवारी बिखेरेंगे जलवा

मैनपाट (सरगुजा). छत्तीसगढ़ के शिमला और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से मशहूर मैनपाट में प्रकृति, संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम होने जा रहा है। रोपाखार जलाशय के पास आगामी 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ’मैनपाट महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का मकसद मैनपाट को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर चमकना और स्थानीय लोक कला को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, सितारों से सजेगी शाम
महोत्सव का आगाज 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे, जिसकी अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। तीन दिनों तक यहाँ सुरों की महफिल सजेगी:

13 फरवरी: भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी गायकी का दम दिखाएंगे। साथ ही सुनील सोनी और ओडिशा का छऊ नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा।

14 फरवरी: लोक गायिका अलका चंद्राकर और ’इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

15 फरवरी (समापन): बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। उनके साथ कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी प्रस्तुति देंगे।

एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्थानीय व्यंजनों का मजा
महोत्सव में केवल संगीत ही नहीं, बल्कि रोमांच का भी तड़का लगेगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स और पारंपरिक दंगल का आयोजन किया गया है। फूड ज़ोन में सरगुजा के खास व्यंजनों के साथ-साथ टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

मैनपाट के प्रमुख आकर्षण: क्यों कहते हैं इसे ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’?
समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपनी अनोखी जगहों के लिए प्रसिद्ध है:

उल्टा पानी: यहाँ पानी ढलान के विपरीत दिशा में बहता है, जो एक रहस्य है।

जलजली: यहाँ की जमीन स्पंज की तरह हिलती है, जिसे ‘म्यूजिकल लैंड’ भी कहते हैं।

बौद्ध मंदिर: 1970 में बसे तिब्बती समुदाय का खूबसूरत मठ।

वॉटरफॉल्स: टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात की खूबसूरती देखते ही बनती है।

व्यू पॉइंट्स: मेहता पॉइंट से घाटियों का शानदार नजारा दिखता है।

तैयारियां अंतिम चरण में
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में महोत्सव की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने नामी कलाकारों के साथ स्थानीय स्कूली बच्चों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को भी बड़ा मंच प्रदान किया है। 15 फरवरी को समापन समारोह पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *