अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित रोपाखार जलाशय के समीप आज, 13 फरवरी से तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का आगाज हो रहा है। 13 से 15 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मैनपाट को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और स्थानीय लोककला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
सांस्कृतिक गीत-संगीत से सजेगा छत्तीसगढ़ का शिमला, जहां आमंत्रित और स्थानीय कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के पहले दिन आज 13 फरवरी को भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के हरिपद मोहंता द्वारा छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।

दूसरे दिन 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर, इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार और गायक स्वप्नील जायसवाल मंच संभालेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 15 फरवरी को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव अपनी सुरों की लहरियों से समां बांधेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा भी इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।
महोत्सव में मेला, फूड जोन और बोटिंग मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही फैंसी पतंग उत्सव और ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता जैसी रोमांचक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। रोपाखार जलाशय में पर्यटकों के लिए बोटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।

विभागीय स्टॉलों में विकास और योजनाओं की झलक भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम स्थल पर पंचायत, वन, कृषि, स्वास्थ्य और हस्तशिल्प विकास बोर्ड सहित विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए हैं, जो शासन की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे।