रमेश गुप्ता : भिलाई। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आज प्रातः 5 बजे से ही जिले के 34 प्रमुख शिवालयों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जिला पुलिस, महिला पुलिस बल, यातायात पुलिस तथा सशस्त्र बल सहित कुल 550 अधिकारियों एवं जवानों की ड्यूटी विभिन्न मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाई गई है। यह बल श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु देर शाम तक ड्यूटी पर तैनात रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएं –
- मंदिर परिसरों एवं प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी
- भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग एवं कतार व्यवस्था
- महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती
- संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र बल की विशेष ड्यूटी
- यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक स्टाफ तैनात
- पार्किंग स्थलों पर अलग से निगरानी व्यवस्था
एडिशनल एसपी एवं प्रेस प्रवक्ता मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों एवं पेट्रोलिंग पार्टियों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है।

जिला पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला पुलिस द्वारा की गई यह व्यापक व्यवस्था श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में भगवान शिव के दर्शन कराने के उद्देश्य से की गई है।