नई दिल्ली। महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों के चुनाव की मतगणना जारी है। 2017 के बाद पहली बार कराए गए इन चुनावों में बृहन्मुंबई महानगरपालिका पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हुई हैं।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। मुंबई, पुणे, ठाणे, नवी मुंबई और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे बड़े शहरों के नतीजों को लेकर खास चर्चा है।
अब तक के रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को बढ़त मिलती दिख रही है। महायुति गठबंधन 370 वार्डों में आगे चल रहा है, जिसमें अकेले भाजपा 297 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) गठबंधन 73 वार्डों में आगे है।
पुणे में भाजपा 48 सीटों पर आगे है, जबकि अजीत पवार गुट की एनसीपी 14 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना (यूबीटी) 4 सीटों पर, शिवसेना (शिंदे गुट) 2 सीटों पर, शरद पवार गुट की एनसीपी 2 सीटों पर और एमएनएस 1 सीट पर आगे चल रही है।
मुंबई में भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां भाजपा 30 वार्डों में आगे है, जबकि शिवसेना (यूबीटी) 25 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। शिवसेना (शिंदे गुट) 10 वार्डों में आगे है, वहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 3 वार्डों में बढ़त पर है।
महायुति में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) ज्यादातर नगर निगमों में साथ चुनाव लड़ रही हैं, जबकि पुणे में दोनों अलग-अलग मैदान में हैं। दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) और मनसे ने मराठी मानुष के मुद्दे पर गठबंधन किया है। करीब दो दशक बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ राजनीतिक मंच पर नजर आ रहे हैं।