भोपाल। मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल पाए जाने पर पूरे परीक्षा केंद्र की परीक्षा निरस्त की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नकल करते पकड़े जाने पर परीक्षार्थी को तीन वर्ष की सजा या पांच हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। वहीं नकल में सहायता करने वाले किसी भी व्यक्ति को भी तीन वर्ष तक की जेल हो सकती है।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक चलेगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होंगी।