चंद्र ग्रहण 2025: आज दिल्ली की रात निखरेगी ‘रेड मून’ की चमक, नेहरू तारामंडल में खास आयोजन

नई दिल्ली। राजधानी दिल्लीवाले आज एक दुर्लभ खगोलीय नजारे का आनंद ले पाएंगे। रविवार रात लगने वाले चंद्र ग्रहण (Chandra Grahan 2025) के दौरान सामान्य चमक वाला चांद गहरे लाल रंग में तब्दील हो जाएगा, जिसे लोग “रेड मून” के नाम से जानते हैं।

यह ग्रहण रात 8:58 बजे शुरू होगा और देर रात 2:25 बजे तक चलेगा। ग्रहण का चरम समय रात 11:41 बजे रहेगा। यानी पूरे 5 घंटे 27 मिनट तक यह अनोखी खगोलीय घटना आसमान में देखी जा सकेगी।


नेहरू तारामंडल में “ग्रैंड चंद्र मेला 2025”

चाणक्यपुरी स्थित नेहरू तारामंडल इस मौके पर “ग्रैंड चंद्र मेला 2025” आयोजित कर रहा है। यहां प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और परिचर्चा जैसे कई कार्यक्रम होंगे। दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज और दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय (DTU) के छात्र इसमें विशेष भूमिका निभाएंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस आयोजन में करीब 3,000 खगोल प्रेमी जुटेंगे।


मौसम पर टिकी निगाहें

कार्यक्रम की समन्वयक प्रेरणा चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली में बारिश और बादलों की वजह से स्थिति थोड़ी अनिश्चित है। यदि आसमान साफ हुआ तो लोग खुले में ‘रेड मून’ का दीदार कर पाएंगे। साथ ही, तारामंडल में इस खगोलीय घटना का लाइव प्रसारण और टेलीस्कोप से अवलोकन भी कराया जाएगा।


पिछली बार छूट गया था मौका

गौरतलब है कि 2022 में भी चंद्र ग्रहण पड़ा था, लेकिन दिल्ली के प्रदूषण और धुंध के चलते लोग इसे साफ-साफ देख नहीं पाए। इस बार खगोल प्रेमियों को उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और यह अद्भुत दृश्य आंखों से देखा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *