लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने प्रदेश बजट को बताया ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की नींव

सक्ती/जांजगीर। जांजगीर लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किए गए प्रदेश के बजट का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इस बजट को छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए सर्वहितैषी और सर्वसमावेशी बताते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के मार्ग को प्रशस्त करने वाला और जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला एक ऐतिहासिक दस्तावेज है।

महिलाओं और बेटियों के लिए सौगातों का पिटारा

सांसद कमलेश जांगड़े ने बजट के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 8,200 करोड़ रुपये का विशाल प्रावधान किया है। इसके साथ ही, प्रदेश की बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए ‘रानी दुर्गावती योजना’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत बालिका के 18 वर्ष पूर्ण करने पर 1.50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इस योजना के लिए बजट में 15 करोड़ रुपये का शुरुआती प्रावधान किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा बजट की आलोचना किए जाने पर सांसद कमलेश जांगड़े ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल आलोचना करना रह गया है। कांग्रेस ने कभी प्रदेश का वास्तविक विकास नहीं किया, बल्कि केवल अपने निजी हितों के लिए कार्य किया है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग का कल्याण कर रही है।

कमलेश जांगड़े ने आगे कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं और श्रमिकों की उन्नति के लिए दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। कृषि, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक निवेश कर सरकार ने 3 करोड़ जनता के सपनों को पंख देने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *